
पटना: बिहार के सात व्यक्तियों को इस साल प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया है। इनमें प्रसिद्ध गायिका शारदा सिन्हा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और महावीर संस्थान के संस्थापक आचार्य किशोर कुनाल जैसे प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। इनमें से कुछ को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों के विजेताओं के नामों की घोषणा की। इस साल देशभर से कुल 139 व्यक्तियों को विभिन्न श्रेणियों में इन सर्वोच्च नागरिक सम्मानों के लिए चयनित किया गया है।
‘बिहार कोकिला’ के नाम से मशहूर शारदा सिन्हा को उनकी असाधारण और विशिष्ट सेवाओं के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, लोक मामलों में उनके योगदान के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
इस श्रेणी में देशभर से कुल 19 नाम चुने गए हैं, जिनमें बिहार से सुशील मोदी अकेले हैं।
सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आचार्य किशोर कुनाल को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। उनके अलावा, चार अन्य लोग भी इस सम्मान के लिए चुने गए हैं। इनमें भीम सिंह भावेश (सामाजिक कार्य), हेमंत कुमार (चिकित्सा), निर्मला देवी (कला), और विजय नित्यनंद सूरिश्वर जी महाराज (आध्यात्मिकता) का नाम शामिल है।





